अमित नगर गृह निर्माण संस्था अध्यक्ष पर धोखाधड़ी का आरोप...
 

देवास। कमलनाथ सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान में गृह निर्माण संस्थाओं की धांधली भी उजागर होती जा रही है। पिछले दिनों जिला प्रशासन ने त्रिलोक नगर गृह निर्माण सहकारी संस्था व श्रीराम गृह निर्माण संस्था पर कार्यवाही करते हुए उनके ऑफिस सील कर दिये थे। वहीं दस्तावेज भी जब्त कर लिये थे। अभी इन दोनों संस्थाओं की जांच भी पूरी नहीं हुई है कि एक ओर अमित नगर गृह निर्माण संस्था बालगढ़ रोड देवास की धांधली उजागर इसी संस्था के संचालकों द्वारा की गई है। संचालकों ने संस्था अध्यक्ष पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए इसकी लिखित शिकायत मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री व कलेक्टर डॉ. श्रीकांत पांडेय को की है। कलेक्टर ने इस मामले की जांच का आश्वासन दिया है। अमित नगर गृह निर्माण सहकारी संस्था मर्यादित देवास के 9 सदस्य टिकमचंद गोकुलदास मौर्य, सुमितलाल जैन, रमेश बोर्डिया, शकील शेख, मंजूला देवी लाठी, पूजा एस. माहेश्वरी, निर्मला देवी चिंचाणी, मुस्लिम शेख आदि ने कलेक्टर को की गई शिकायत में बताया कि उनके द्वारा सन् 1981 में अमित नगर गृह निर्माण संस्था द्वारा बालगढ़ रोड पर काटी गई कालोनी में भूखंड लेने के लिए साढ़े तीन हजार रुपये प्रति सदस्य जमा कराए गए थे और उस राशि के एवज में संस्था के तत्कालीन अध्यक्ष द्वारा उन्हें प्लाट नंबर भी आवंटित कर दिये थे, किंतु अब वर्तमान संस्था अध्यक्ष गुंजन चौधरी निवासी 137 कंचन ज्वेलर्स एमजी रोड देवास ने यह कहते हुए भूखंड देने से इंकार कर दिया कि उनका विकास शुल्क जमा नहीं हुआ है। जबकि स्वयं के परिवार के एक दर्जन से अधिक सदस्यों के नाम भूखंड आवंटित कर दिये है। सदस्यों ने अपनी शिकायत में बताया कि संस्था में भूखंड हेतु राशि सदस्यता शुल्क एवं भूखंड की राशि हमने इस विश्वास के साथ जमा कराई थी कि संस्था हमें भूखंड देगी, जिस पर हम अपना आशियाना बनाएंगे, परंतु आज दिनांक तक संस्था ने हमसे जो राशि प्राप्त की थी, उसके बदले आज तक भूखंड नहीं दिया है। इस बात की शिकायत सदस्यों द्वारा 2013 में भी की गई थी, किंतु तब से लेकर अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला है। शिकायतकर्ताओं ने कलेक्टर से मांग की है कि संस्था के पदाधिकारियों ने हमारे साथ धोखाधड़ी की है और ऐसे भू माफियाओं के खिलाफ तत्काल कार्यवाही कर हमें न्याय दिलाया जाए। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर डॉ. श्रीकांत पांडेय ने इस मामले की जांच का आश्वासन दिया है।